ख़बरिस्तान नेटवर्क : जालंधर के मकसूदां स्थित आनंद नगर की गली नंबर-3 में 22 वर्षीय ओमवीर की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। मंगलवार को मनप्रीत के घर में घुसकर मां-बेटी पर हमला करने के बाद ओमवीर ने कथित तौर पर कोई जहरीली वस्तु निगल ली थी, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। अब इस मामले में ओमवीर की बहन अमनप्रीत कौर सामने आई हैं। उन्होंने ओमवीर की गर्लफ्रेंड मनप्रीत और उसके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
अमनप्रीत का दावा है कि उनका भाई लंबे समय से मानसिक दबाव और धमकियों का सामना कर रहा था। उन्होंने एक कथित सुसाइड नोट दिखाते हुए मामले में साजिश की आशंका जताई है। परिवार का कहना है कि उनके पास घटना से संबंधित वीडियो, ऑडियो रिकॉर्डिंग और चैट मौजूद हैं, जिन्हें पुलिस को सौंप दिया गया है। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
5 साल से रिलेशनशिप में था ओमवीर, बहन ने लगाए ब्लैकमेलिंग के आरोप
ओमवीर की बहन अमनप्रीत कौर के मुताबिक, उनका भाई वर्ष 2021 से मनप्रीत के साथ रिलेशनशिप में था। लड़की की मां और परिवार के अन्य सदस्यों को भी उनके रिश्ते की जानकारी थी। मनप्रीत का उनके घर आना-जाना भी था। अमनप्रीत का आरोप है कि मनप्रीत और उसकी बहन रजनी समेत कुछ अन्य लोग ओमवीर को ब्लैकमेल करते थे। उसे झूठे केस में फंसाने और जान से मारने की धमकियां दी जाती थीं। बहन ने यह भी दावा किया कि मनप्रीत पहले भी एक निहंग सिंह के जरिए उसके भाई को धमकवा चुकी थी।
बहन ने दिखाया कथित सुसाइड नोट, वीडियो और ऑडियो होने का दावा
अमनप्रीत कौर ने अपने भाई की मौत के बाद एक कथित सुसाइड नोट दिखाया है। उनका कहना है कि ओमवीर ने मरने से पहले यह नोट लिखा था। इसके अलावा, परिवार के पास घटना से जुड़े वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग भी हैं। एक वीडियो में ओमवीर मनप्रीत के घर के फर्श पर पड़ा दिखाई देता है। उनका दावा है कि उस समय भाई की सांसें चल रही थीं और पीछे से उसे मारने की बात कही जा रही थी। परिवार का यह भी कहना है कि रिकॉर्डिंग में कुछ लोगों के नाम और ओमवीर को प्रताड़ित किए जाने से जुड़ी बातें सामने आती हैं।
2 साल दुबई में रहा, 5 महीने पहले लौटा था ओमवीर
परिजनों के मुताबिक, ओमवीर करीब दो साल पहले दुबई गया था और लगभग पांच महीने पहले भारत लौटा था। उसने मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की थी, लेकिन नौकरी नहीं मिलने के कारण वह निजी तौर पर आर्मी एरिया में काम करने लगा था। ओमवीर को वहां करीब 30 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन मिलता था। अब वह दोबारा दुबई जाने की तैयारी कर रहा था।
अमनप्रीत का कहना है कि विदेश में रहते हुए ओमवीर ने मनप्रीत को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट का पासवर्ड दिया था। आरोप है कि इसके बाद मनप्रीत उसके अकाउंट से उसकी पुरानी गर्लफ्रेंड को वीडियो भेजने लगी। परिवार के अनुसार, इस वजह से भी दोनों के बीच विवाद चल रहा था।
2 अक्टूबर को भी हुआ था हमला, सिर पर आई थीं चोटें
ओमवीर की बहन ने दावा किया कि इसी महीने 2 अक्टूबर को भी उसके भाई पर हमला किया गया था, जिसमें उसके सिर पर चोटें आई थीं। अमनप्रीत के मुताबिक, ओमवीर पुलिस केस में नहीं पड़ना चाहता था, क्योंकि वह दोबारा विदेश जाने की तैयारी कर रहा था। इसी वजह से उसने उस घटना की शिकायत दर्ज नहीं कराई थी।
बहन का आरोप है कि घटना वाले दिन मनप्रीत ने ओमवीर को अपने घर बुलाया था। वहां उसके साथ मारपीट की गई और उसे साजिश के तहत निशाना बनाया गया। परिवार ने यह भी बताया कि ओमवीर की पल्सर बाइक मनप्रीत के घर से मिली थी। हालांकि, इन आरोपों और घटना के पीछे की वजह को लेकर पुलिस की जांच जारी है।
पुलिस को सौंपी वीडियो, ऑडियो और चैट, जांच जारी
ओमवीर की बहन अमनप्रीत कौर ने थाना डिवीजन नंबर-1 में शिकायत देकर अपने भाई की मौत के मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनके मुताबिक, उन्होंने पुलिस को कथित सुसाइड नोट के अलावा वीडियो, ऑडियो रिकॉर्डिंग और चैट समेत कई सबूत सौंपे हैं। वहीं, एसीपी करनैल सिंह ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं। मृतक के शव का पोस्टमॉर्टम भी करवा दिया गया है। उन्होंने कहा कि मृतक की बहन की ओर से सौंपे गए सबूतों की जांच की जाएगी।









