ख़बरिस्तान नेटवर्क : देश के गृहमंत्री अमित शाह के परविंदर सिंह झोटा मामले में दिए बयान पर अब पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने उन्हें जवाब दिया है। सीएम मान ने अमित शाह को जवाब देते हुए लिखा कि अमित शाह जी! अपने चमचों द्वारा लिखे-लिखाए ट्वीट कॉपी पेस्ट मत किया करो
मेरे पर बोलने से पहले सलाह-मशवरा कर लेते
सीएम मान ने लिखा अमित शाह जी, मेरे बारे बोलने से पहले अपने सलाहकारों के साथ सलाह-मशवरा कर लेना था। 50 किलोमीटर रेंज BSF के पास है, 3000 हजार किलो चिट्टा गुजरात के कांडला पॉर्ट से पकड़ा जा रहा है। भगवंत मान को दोश देने से पहले अपनी जिम्मेदारी संभालो। अपने चमचों द्वारा लिखे-लिखाए ट्वीट कॉपी पेस्ट मत किया करो
अमित शाह ने ट्वीट कर उठाए थे सवाल
अमित शाह ने लिखा कि दिड़बा में एक पिता का दबाव में जहर खा लेना और मानसा में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले परविंदर सिंह झोटा की दिनदहाड़े हत्या ने पंजाब की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। परविंदर के पिता ने AAP सरकार और उनके विधायक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। गृह मंत्रालय भी इन दोनों घटनाओं पर पंजाब सरकार से जवाब मांगेगा।
पंजाब की जनता को प्रचार नहीं चाहिए
उन्होंने आगे लिखा कि पंजाब में नशे का कारोबार फल-फूल रहा है, संगठित अपराध का खतरा बढ़ रहा है और नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। भगवंत मान जी, पंजाब की जनता को प्रचार नहीं, जवाब, घोषणाएं नहीं, परिणाम, नशे के नेटवर्क पर निर्णायक प्रहार और अपराधियों को मिलने वाले किसी भी राजनीतिक संरक्षण की निष्पक्ष जांच चाहिए।
पंजाब को नशा और गैंगस्टर मुक्त राज्य बनाने के लिए ताकत लगा देंगे
अमित शाह ने कहा कि मैं आज पंजाब की जनता के सामने अपना संकल्प दोहराता हूं कि पंजाब में हमारी सरकार बनने पर हम नशामुक्त, गैंगस्टरमुक्त और सुरक्षित पंजाब बनाने के लिए पूरी ताकत से काम करेंगे। हमारा लक्ष्य स्पष्ट है – नशे के कारोबार पर प्रहार, युवाओं के भविष्य की रक्षा, अपराधियों पर कठोर कार्रवाई और कानून का ऐसा राज, जिसमें कोई भी नागरिक भय के साये में जीने को मजबूर न हो।पंजाब आज नशे, गैंगस्टरवाद व संगठित अपराध के बढ़ते खतरे से जूझ रहा है।









