अमृतसर में बैंक के अंदर फायरिंग, गोली लगने से बैंक मैनेजर घायल

अमृतसर में बैंक के अंदर गोली चलने की घटना सामने आई है। मॉल रोड स्थित यस बैंक में रुपयों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद के दौरान बैंक मैनेजर गौरव दीवान को गोली लग गई।

ख़बरिस्तान नेटवर्क : अमृतसर में बैंक के अंदर गोली चलने की घटना सामने आई है। मॉल रोड स्थित यस बैंक में रुपयों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद के दौरान बैंक मैनेजर गौरव दीवान को गोली लग गई। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बैंक में आए कुछ लोगों के साथ पहले बहस हुई और फिर मामला हाथापाई तक पहुंच गया। इसी दौरान गोली चला दी गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

लेन-देन को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर कुछ लोग मॉल रोड स्थित यस बैंक पहुंचे थे। बैंक में किसी वित्तीय लेन-देन को लेकर उनका विवाद हो गया। मामला बढ़ने पर बैंक मैनेजर गौरव दीवान भी दोनों पक्षों के बीच हुई बहस में शामिल हो गए। बताया जा रहा है कि बहस के बाद झगड़ा बढ़ गया और बाहर से आए लोगों ने गोली चला दी। गोली बैंक मैनेजर के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़े।

गोली चलाने के बाद मौके से फरार हुए आरोपी
घटना के बाद बैंक परिसर में अफरा-तफरी मच गई। गोली चलाने वाले लोग मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस की टीमें बैंक पहुंचीं और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस बैंक कर्मचारियों के बयान दर्ज कर रही है, ताकि विवाद की वजह और घटना के दौरान हुई गतिविधियों का पता लगाया जा सके।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस इस मामले में बैंक में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान करने और घटना से जुड़े घटनाक्रम को समझने की कोशिश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *