ख़बरिस्तान नेटवर्क : दिल्ली में धरना और विरोध प्रदर्शन करने के लिए निर्धारित स्थानों की सूची में बदलाव किया गया है। दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर का नाम प्रदर्शन स्थलों की सूची से हटा दिया है। इसके बाद अब रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और CBD ग्राउंड को विरोध प्रदर्शन के लिए निर्धारित किया गया है।
जंतर-मंतर की जगह अब इन 3 स्थानों पर प्रदर्शन
दिल्ली पुलिस के आदेश के अनुसार, अब प्रदर्शन के लिए रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और CBD ग्राउंड को तय किया गया है। जंतर-मंतर का नाम सूची से हटाए जाने के बाद यहां धरना देने और विरोध जताने की अनुमति को लेकर नई व्यवस्था लागू होने की बात कही गई है।
गृह मंत्रालय की कमेटी की सिफारिशों के आधार पर फैसला
आदेश के मुताबिक, केंद्रीय गृह मंत्रालय ने विरोध प्रदर्शन के लिए बेहतर स्थानों की पहचान करने के उद्देश्य से एक कमेटी बनाई थी। कमेटी को यह सुझाव देना था कि मौजूदा स्थानों के अलावा लोगों को अपनी मांग उठाने और विरोध दर्ज कराने के लिए अन्य जगहें कैसे उपलब्ध कराई जा सकती हैं। कमेटी की सिफारिशों के आधार पर जंतर-मंतर के अलावा इन तीन स्थानों को प्रदर्शन के लिए निर्धारित किया गया है।
तीनों जगहों के लिए अलग से जारी होंगे नियम
दिल्ली पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और CBD ग्राउंड में प्रदर्शन करने के लिए नियमों और व्यवस्था से जुड़ा अलग आदेश भी जारी किया जाएगा। ऐसे में इन स्थानों पर विरोध प्रदर्शन की अनुमति, प्रक्रिया और अन्य शर्तों को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी होने का इंतजार रहेगा।








