ख़बरिस्तान नेटवर्क : लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में छात्रा से दुष्कर्म के आरोपों को लेकर हुए प्रदर्शन और हिंसा के बाद मामला लगातार गरमाया हुआ है। इस बीच कांग्रेस विधायक बावा हैनरी और परगट सिंह ने घटना पर चिंता जताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है।
बावा हैनरी ने कहा कि हाल में चितकारा यूनिवर्सिटी से जुड़ा मामला सामने आया था और अब LPU में भी विवाद खड़ा हो गया है। ऐसे में पूरे घटनाक्रम की तह तक जाना जरूरी है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि आखिर विवाद की शुरुआत कैसे हुई और बाद में हालात इतने बिगड़े कैसे।
‘शांतिपूर्ण प्रदर्शन छात्रों का अधिकार’
बावा हैनरी ने कहा कि छात्रों को शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने और प्रदर्शन करने का अधिकार है। हालांकि, उनके मुताबिक प्रदर्शन के दौरान कुछ शरारती तत्वों ने माहौल खराब करने की कोशिश की। उन्होंने सवाल उठाया कि यूनिवर्सिटी प्रशासन की तरफ से छात्रों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर क्या इंतजाम किए गए थे। इन सभी पहलुओं की जांच की जरूरत है और इसके लिए SIT गठित कर पूरे मामले की जांच होनी चाहिए।
दुकानों और सरकारी वाहनों पर हमले की निंदा
बावा हैनरी ने LPU परिसर में दुकानों में कथित लूटपाट, सरकारी वाहनों पर हमले, पेट्रोल बम से हमले और मीडिया कर्मियों को निशाना बनाए जाने की घटनाओं को निंदनीय बताया। यूनिवर्सिटी के मॉल और दुकानों में मेहनत करने वाले लोगों की पूंजी लगी हुई है। ऐसे में हिंसा और तोड़फोड़ से किसी को नुकसान पहुंचाना उचित नहीं है।
माहौल खराब करने वालों पर कार्रवाई लेनी चाहिए
उन्होंने कहा कि अगर छात्रा के साथ वास्तव में कोई अप्रिय घटना हुई है तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। अगर किसी ने गलत या भ्रामक अफवाह फैलाकर माहौल खराब किया है तो उसके खिलाफ भी कानून के मुताबिक कार्रवाई की जानी चाहिए।
परगट सिंह बोले- छात्रों से बातचीत करे मैनेजमेंट
कांग्रेस विधायक परगट सिंह ने भी LPU में हुई हिंसा पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि जब छात्रों को लगता है कि उन्हें इंसाफ नहीं मिल रहा, तभी उनका गुस्सा सड़कों पर दिखाई देता है। ऐसे हालात में यूनिवर्सिटी मैनेजमेंट को छात्रों के साथ बैठकर बातचीत करनी चाहिए और उनकी समस्याओं को सुनना चाहिए।
कैंपस में बाहरी लोगों की मौजूदगी की भी जांच की मांग
परगट सिंह ने कहा कि पूरे घटनाक्रम में यूनिवर्सिटी कैंपस के भीतर और बाहर से आए लोगों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए। यह पता लगाया जाना जरूरी है कि प्रदर्शन के दौरान बाहरी लोग कैंपस में कैसे पहुंचे और क्या उनकी वजह से हालात बिगड़ने में कोई भूमिका रही। दोनों कांग्रेस नेताओं ने छात्रा से जुड़े आरोपों के साथ-साथ प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा, तोड़फोड़ और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की मांग की है।









