लुधियाना में एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) और पुलिस के बीच मुठभेड़ में दो गैंगस्टर मारे गए हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों बदमाश एक रक्तदान शिविर के दौरान कुछ लोगों को निशाना बनाने के लिए पहुंचे थे।
जानकारी के अनुसार, दोनों आरोपी मोटरसाइकिल पर सवार थे और पुलिस उनका पीछा कर रही थी। इसी दौरान आत्म नगर के पास पुलिस और गैंगस्टरों के बीच मुठभेड़ हो गई।
लुधियाना के पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा ने बताया कि मुठभेड़ में मारे गए दोनों बदमाश डोनी बाल गैंग से जुड़े हुए थे। उनके पास अत्याधुनिक हथियार भी बरामद हुए हैं।
पुलिस कमिश्नर के मुताबिक, इस गैंग के तार कुछ साल पहले हुए रवि खुवाजके हत्याकांड से जुड़े एक प्रतिद्वंद्वी गैंग से भी जुड़े रहे हैं। इस मामले में पहले भी पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो चुकी है।
फिलहाल पुलिस ने दोनों गैंगस्टरों की पहचान और बरामद हथियारों को लेकर ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है। पुलिस की ओर से जल्द ही प्रेस नोट जारी कर पूरे मामले की जानकारी दी जाएगी।









