ख़बरिस्तान नेटवर्क : रक्षाबंधन के पावन पर्व के अवसर पर जालंधर के बस्ती पीर दादा रोड पर आयोजित विशेष समारोह में पंजाब के कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने लगभग 1300 सत्कार सखियों को सम्मानित किया। इस भव्य कार्यक्रम में बागवानी, स्वतंत्रता सेनानी और रक्षा सेवाएं कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत के साथ जालंधर के मेयर विनीत धीर और जिला योजना समिति के चेयरमैन अमृतपाल सिंह भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
सत्कार सखियों की मेहनत से 52 हजार महिलाओं को मिला लाभ
समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि राज्य सरकार की महात्वाकांक्षी ‘मुख्यमंत्री मांवां-धीया सत्कार योजना’ को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में इन सत्कार सखियों ने दिन-रात एक किया है। उनकी लगन और कड़ी मेहनत के बल पर ही अकेले जालंधर पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र की 52 हजार महिलाओं का पंजीकरण संभव हो सका है, जिसके चलते अब योग्य लाभार्थियों के बैंक खातों में सम्मान राशि पहुंचनी शुरू हो गई है।
महिला सशक्तिकरण और जनकल्याण के लिए मान सरकार प्रतिबद्ध
कैबिनेट मंत्री ने राज्य सरकार की प्राथमिकताओं पर जोर देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के कुशल नेतृत्व में पंजाब सरकार महिलाओं के सर्वांगीण विकास, सम्मान और सुरक्षा के लिए पूरी तरह वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए आने वाले समय में भी कल्याणकारी योजनाओं का दायरा लगातार बढ़ाया जाएगा और सरकार इसके लिए हर संभव कदम उठाएगी।
राखी बंधवाकर दिया स्नेह और सम्मान का संदेश
त्योहार की खुशियां साझा करते हुए कैबिनेट मंत्री ने उपस्थित महिलाओं से राखी बंधवाई और उन्हें विशेष उपहार भेंट किए। उन्होंने रक्षाबंधन के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि यह पवित्र पर्व केवल भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज को महिलाओं का आदर करने और रिश्तों की गरिमा बनाए रखने का संदेश देता है। इस अवसर पर क्षेत्र की अनेक प्रमुख हस्तियां और बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं उपस्थित रहीं।









