ख़बरिस्तान नेटवर्क : सोशल मीडिया के बढ़ते इस्तेमाल और बच्चों-टीनएजर्स पर इसके असर को लेकर Meta ने Instagram और Facebook में बड़े बदलावों पर सहमति जताई है। अमेरिका में हुए एक बड़े बहु-राज्यीय सेटलमेंट के तहत नाबालिग यूजर्स के लिए रात 12 बजे से सुबह 6 बजे तक दोनों प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल डिफॉल्ट रूप से बंद रहेगा।
इसके अलावा रोजाना इस्तेमाल की सीमा, स्कूल के समय नोटिफिकेशन में कमी और मजबूत पैरेंटल कंट्रोल जैसे बदलाव भी किए जाएंगे। ये नियम फिलहाल अमेरिका में लागू होंगे और अदालत की मंजूरी के बाद प्रभावी होंगे।
रात 12 बजे से सुबह 6 बजे तक नहीं चलेगा Insta-FB
Meta के नए नियमों के तहत 18 साल से कम उम्र के यूजर्स के लिए ‘Night Mode’ डिफॉल्ट रूप से लागू होगा। इसके तहत रात 12 बजे से सुबह 6 बजे तक वे Instagram और Facebook पर पोस्ट, स्टोरी, रील्स, फीड या एक्सप्लोर कंटेंट नहीं देख सकेंगे। साथ ही दोनों प्लेटफॉर्म पर किशोरों के कुल इस्तेमाल के लिए डिफॉल्ट दो घंटे की दैनिक सीमा तय की जाएगी, जिसे माता-पिता की अनुमति से ही हटाया जा सकेगा।
स्कूल के समय नोटिफिकेशन भी होंगे बंद
Meta ने बच्चों के स्क्रीन टाइम को कम करने के लिए ‘School Mode’ की व्यवस्था भी की है। इसके तहत सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक नोटिफिकेशन डिफॉल्ट रूप से म्यूट रहेंगे। हालांकि, डायरेक्ट मैसेज और अकाउंट की सुरक्षा से जुड़े जरूरी अलर्ट मिलते रहेंगे। लगातार 15 मिनट इस्तेमाल के बाद भी किशोरों को ब्रेक लेने के लिए रिमाइंडर दिए जाएंगे।









