तेलंगाना के सूर्यापेट जिले में बुधवार सुबह एक इलेक्ट्रिक बस ने पीछे से ट्रक को टक्कर मार दी। हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 5 महिलाएं शामिल हैं। वहीं 12 लोग घायल हुए हैं।
हादसा सुबह करीब 5:15 बजे हैदराबाद-विजयवाड़ा नेशनल हाईवे पर कोडाड मंडल में हुआ। बस में 42 यात्री सवार थे और यह हैदराबाद से आंध्र प्रदेश के एलुरु जा रही थी।पुलिस के मुताबिक, ट्रक में लोहे के भारी पिलर लदे थे। टक्कर के बाद पिलरों को बांधने वाली चेन टूट गई और पिलर बस की दाईं ओर जा घुसे। इसी वजह से आगे बैठे यात्रियों की मौत हुई।
हादसे में 12 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए विजयवाड़ा के अस्पताल भेजा गया है। तेज रफ्तार को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है।मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने हादसे पर दुख जताते हुए अधिकारियों को घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।









