ख़बरिस्तान नेटवर्क : पंजाब कांग्रेस में अंदरूनी कलह थमने का नाम नहीं ले रही है। विधायकों के बाद अब पंजाब से कांग्रेस के सांसदों ने भी पार्टी हाईकमान से मिलने का समय मांगा है। सांसदों का कहना है कि पंजाब कांग्रेस के मौजूदा हालात और पार्टी के सामने खड़े संकट को लेकर हाईकमान के साथ चर्चा जरूरी है।
विधायकों के बाद सांसद भी हाईकमान के दरबार में
इससे पहले कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा ने 15 विधायकों के साथ बैठक की थी। बैठक के बाद उन्होंने पार्टी हाईकमान से मुलाकात का समय मांगा था। अब सांसदों के भी हाईकमान से मिलने की तैयारी से पंजाब कांग्रेस में चल रही अंदरूनी खींचतान एक बार फिर सामने आ गई है।
रंधावा के दिल्ली आवास पर हुई डिनर मीटिंग
कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की एक अहम बैठक सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा के दिल्ली स्थित आवास पर डिनर के दौरान हुई। इस बैठक में सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, सांसद शेर सिंह घुबाया, पूर्व मंत्री राजा गुरजीत सिंह, परगट सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
हालात हाईकमान के सामने रखने की तैयारी
बैठक में नेताओं के बीच इस बात पर सहमति बनी कि सांसदों को भी हाईकमान से मिलने का समय मांगना चाहिए और पंजाब कांग्रेस के मौजूदा हालात से केंद्रीय नेतृत्व को अवगत करवाना चाहिए। इसके बाद हाईकमान से मुलाकात के लिए समय मांगने का फैसला आगे बढ़ाया गया।









