मुंबई के घाटकोपर के चिराग नगर इलाके में बुधवार सुबह बड़ा लैंडस्लाइड हो गया। सुबह करीब 3:48 बजे गौसिया चाल में पहाड़ी से मिट्टी और मलबा खिसककर कई घरों पर जा गिरा। हादसे के वक्त ज्यादातर लोग घरों में सो रहे थे।
हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 4 लोग घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बारिश को लैंडस्लाइड की संभावित वजह बताया जा रहा है।
मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका
DCP गणेश शिंदे के मुताबिक, 3 से 4 लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। हालांकि, अभी इसकी सटीक संख्या की पुष्टि नहीं हुई है।BMC के अधिकारियों के अनुसार, रेस्क्यू टीम मलबे में दबे लोगों की तलाश के लिए स्पेशल विक्टिम-डिटेक्शन कैमरों का इस्तेमाल कर रही है।
संकरी गलियों से रेस्क्यू में परेशानी
घटनास्थल तक पहुंचने वाला रास्ता करीब 3 से 3.5 फीट चौड़ा है। गलियां इतनी संकरी हैं कि एक समय में मुश्किल से एक व्यक्ति ही अंदर जा सकता है। ऐसे में भारी मशीनरी मौके तक नहीं पहुंच पा रही है।
फिलहाल मलबे को व्रेकर की मदद से हटाया जा रहा है। इसके बाद मलबा बाल्टियों में भरकर हाथों से बाहर निकाला जा रहा है। इस वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी समय लग रहा है।
NDRF और फायर ब्रिगेड मौके पर
लैंडस्लाइड के कारण कई दो मंजिला मकान भी ढह गए हैं। घटना के बाद NDRF, फायर ब्रिगेड, पुलिस और BMC की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।हादसे में घायल 18 वर्षीय सोहेल अंसारी के सिर में चोट आई है, जबकि 14 वर्षीय मोहम्मद अंसारी की पीठ में चोट लगी है। मृतकों के शव अस्पताल भेज दिए गए हैं।
मृतकों के परिवार को ₹4 लाख की मदद
मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े ने घटनास्थल का दौरा कर रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा लिया। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वालों के परिवारों को ₹4-4 लाख की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है।वहीं, घायलों के इलाज के लिए प्रति व्यक्ति ₹50 हजार की मदद देने की घोषणा की गई है।
फिलहाल मलबे में फंसे लोगों की तलाश जारी है। प्रशासन की सभी टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। घाटकोपर पुलिस मामले की जांच और जरूरी कानूनी कार्रवाई कर रही है।









