जैसलमेर में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। यहां धऊवा गांव के पास चलती स्कूल बस में अचानक भीषण आग लग गई। हादसे के समय बस में 17 बच्चे सवार थे। इंजन से धुआं उठता देख ड्राइवर ने तुरंत बस रोक दी और सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के मुताबिक, बस पिथला गांव से बच्चों को लेकर डाबला रोड स्थित एसएम पब्लिक स्कूल जा रही थी। धऊवा के पास सड़क पर बने गड्ढे में बस का अगला पहिया आने से अचानक झटका लगा। इसके बाद इंजन वाले हिस्से से धुआं निकलने लगा और कुछ ही देर में बस आग की लपटों से घिर गई।
ड्राइवर ने बिना देरी किए बस का गेट खोला और सभी बच्चों को बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। स्थानीय लोगों ने भी बच्चों को बाहर निकालने में मदद की। देखते ही देखते पूरी बस जलकर कबाड़ हो गई।
फायर ब्रिगेड की 3 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 3 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग में बच्चों के स्कूल बैग, किताबें और अन्य सामान जल गया। प्रारंभिक जांच में बस की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
बड़ा हादसा टला
हादसे में किसी भी बच्चे को चोट नहीं आई। समय रहते ड्राइवर द्वारा बस रोककर बच्चों को बाहर निकालने से बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद सभी बच्चों को उनके परिजनों के साथ घर भेज दिया गया।









