पंजाब-चंडीगढ़ में आज से फिर ACTIVE होगा मानसून, इन जिलों में यलो अलर्ट

Monsoon to become active again in Punjab and Chandigarh from today

पंजाब और चंडीगढ़ में आज से मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ सकता है। मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश से सटे पंजाब के तीन जिलों होशियारपुर, पठानकोट और रूपनगर में कुछ स्थानों पर बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, चंडीगढ़ में आज आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और एक-दो बार बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।

रविवार को बारिश नहीं होने के कारण पंजाब में गर्मी और उमस बढ़ गई। इस दौरान राज्य के औसत तापमान में करीब 3.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे तापमान सामान्य के करीब पहुंच गया। राज्य में सबसे अधिक 36 डिग्री सेल्सियस तापमान श्री आनंदपुर साहिब में दर्ज किया गया। हालांकि, पंजाब के 17 जिलों में बारिश सामान्य से काफी कम रही।

मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल के मुताबिक, गंगीय पश्चिम बंगाल में बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब झारखंड पहुंच चुका है और धीरे-धीरे छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ रहा है। इसके अलावा जयपुर के उत्तर में भी एक अन्य निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है।

गर्मी बढ़ने से बिजली की मांग में भी इजाफा

तापमान और उमस बढ़ने का असर पंजाब की बिजली खपत पर भी देखने को मिला। रविवार रात राज्य में बिजली की मांग 13,243 मेगावाट तक पहुंच गई। इस दौरान पंजाब ने अपनी बिजली उत्पादन क्षमता से 4,934 मेगावाट बिजली पैदा की, जबकि ग्रिड से 8,307 मेगावाट बिजली ली गई।

बिजली की निर्धारित शेड्यूल 7,987 मेगावाट थी, लेकिन बढ़ी हुई मांग को पूरा करने के लिए ग्रिड से करीब 320 मेगावाट अतिरिक्त बिजली लेनी पड़ी। इस दौरान ग्रिड की फ्रीक्वेंसी 50.05 हर्ट्ज दर्ज की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *