पंजाब में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल 30 जुलाई को चंडीगढ़ पहुंचेंगे और 31 जुलाई से 8 अगस्त तक राज्य के 10 दिवसीय दौरे पर रहेंगे।
पंजाब के सभी जिलों का दौरा करेंगे
इस दौरान वह पंजाब के लगभग सभी जिलों का दौरा करेंगे और कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं व स्थानीय नेताओं से मुलाकात करेंगे। दौरे का मुख्य उद्देश्य संगठन को मजबूत करना, कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेना और पार्टी के भीतर चल रही गुटबाजी को खत्म करना है।
भूपेश बघेल अपने दौरे की शुरुआत 31 जुलाई को श्री फतेहगढ़ साहिब से करेंगे। बैठकों में 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति, संगठन को सक्रिय करने और कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भरने पर चर्चा होगी।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस दौरे के बाद पंजाब कांग्रेस के संगठन में कुछ बदलाव भी देखने को मिल सकते हैं।गौरतलब है कि इससे पहले भी भूपेश बघेल चंडीगढ़ में छह दिन तक वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ बैठकें कर चुके हैं। उस दौरान उन्होंने संगठन और गुटबाजी से जुड़े मुद्दों पर अपनी रिपोर्ट पार्टी हाईकमान को सौंपी थी।









