जम्मू-कश्मीर के कई जिलों में पिछले 24 घंटों से बारिश का दौर जारी है। इसके कारण जगह-जगह लैंडस्लाइड की घटनाएं हो रही हैं। वहीं जम्मू-कश्मीर के रियासी में भूस्खलन के कारण एक मिट्टी का घर ढह गया। हादसे में दो महीने का बच्चा, उसकी मां और दो अन्य बच्चों की मौत हो गई।
जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे दूसरे दिन भी बंद
वहीं रामबन जिले के ढालवास इलाके में भूस्खलन के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग लगातार दूसरे दिन भी बंद है। भूस्खलन की वजह से सड़क पर मलबा पड़ा हुआ है। इसके साथ ही मैदानी इलाकों में बारिश का दौर जारी है।
मैदानी इलाकों में बारिश का दौर जारी
वहीं इधर, मैदानी इलाकों में बारिश का दौर जारी है। पंजाब और हरियाणा में शनिवार को बारिश के साथ जमकर ओलावृष्टि हुई। हरियाणा के कई शहरों में आज भी बारिश और ओले का अलर्ट है। मौसम विभाग ने बारिश के साथ 70-60 KM की स्पीड से हवाएं चलने की संभावना जताई है।
6 मार्च तक रहेगा देश में वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर
मौसम विभाग के मुताबिक, देश में वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर 6 मार्च तक रहने की उम्मीद है। वहीं पंजाब, हरियाणा में इसका असर 3 मार्च तक रहेगा। हिमाचल के कुछ ऊपरी इलाकों में 4 मार्च को हल्का असर रहेगा। 4 से 6 मार्च तक वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर मध्य भारत में ज्यादा देखने को मिलने वाला है।