वेब खबरिस्तान। भारत के सबसे बड़े घरेलु क्रिकेट टूर्नामेंट रणजी ट्रॉफी को नया चैंपियन मिल गया है। फाइनल मुकाबले में मध्य प्रदेश ने 41 बार की चैंपियन मुंबई को छह विकेट से हराकर पहली बार खिताब अपने नाम किया।
मैच के आखिरी दिन मुंबई की दूसरी पारी 269 रन के स्कोर पर सिमट गई। इस तरह मध्य प्रदेश को जीत के लिए 108 रन का टारगेट मिला, जिसे उसने चार विकेट खोकर हासिल कर लिया। पहली पारी में मुंबई ने 374 रन बनाए थे। जिसके जवाब में मध्यप्रदेश ने 536 रन बनाते हुए 162 रन की बढ़त हासिल की थी।
मिलेगा 2 करोड़ का इनाम
इस जीत पर MPCA टीम को 2 करोड़ रुपए का इनाम देगा। MPCA के सचिव ने बताया कि विजेता टीम को दो करोड़ रुपए दिए जाएंगे।
मध्य प्रदेश ने मुंबई की पहली पारी के 374 रन के स्कोर के जवाब में 536 रन बनाकर अपना एक हाथ ट्रॉफी पर पहले ही रख दिया था। नियमों अनुसार अगर फाइनल ड्रॉ होता है तो पहली पारी में बढ़त हासिल करने वाली टीम विजेता बनती है। मध्य pradesh ने इतने से संतोष नहीं किया और आखिरी दिन छह विकेट से जीत हासिल कर खुद को इस ट्रॉफी का सच्चा हकदार साबित किया।
तीन बल्लेबाजों के शतक
फाइनल मे MP की ओर से तीन बल्लेबाजों यश दुबे (133 रन), शुभम शर्मा (116 रन) और रजत पाटीदार (122 रन) ने शतक जमाए। MP के गेंदबाजों ने अपना योगदान बखूबी दिया। गौरव यादव ने मैच में 6 विकेट लिए। कुमार कार्तिकेय के साथ पांच सफलता लगी।