वेब खबरिस्तान। संगरूर लोकसभा सीट पर शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के सिमरनजीत सिंह मान चुनाव जीत गए हैं। उन्होंने करीब 5 हजार मतों से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार सरपंच गुरमेल सिंह को हराया। आम आदमी पार्टी दूसरे तो कांग्रेस तीसरे, BJP चौथे व अकाली दल पांचवें स्थान पर रहा। मगर कांग्रेस के सीनियर नेताओं को अपनी हार के गम से अधिक आम आदमी पार्टी की हार की खुशी मिल रही है।
मान को दी जीत पर शुभकामनाएं
पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग, पूर्व डिप्टी सीएम सुखजिंदर रंधावा, सांसद रवणीत सिंह बिट्ट और सुखपाल सिंह खेहरा ने सिमरनजीत सिंह मान को इस जीत पर शुभकामनाएं दी हैं। इसके साथ ही उन्होंने आम आदमी पार्टी की हार पर खुशी जाहिर करते हुए उनकी नीतियों को कोसा भी है। वहीं प्रताप सिंह बाजवा ने तो आम आदमी पार्टी पर सीधे तौर पर हमला बोल दिया। उन्होंने AAP सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल व राघव चड्ढा को पंजाब में दखल-अंदाजी ना करने की सलाह तक दे दी है।



अकाली दल के मुखी सुखबीर बादल ने शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) सिमरनजीत सिंह मान की जीत पर शुभकामनाएं दी। वहीं उन्होंने आम लोगों के फैसले को मानते हुए सिमरनजीत सिंह मान को सहयोग देने का वादा भी किया है।