फिरोजपुर: राज्य में लूटपाट व छीनाझपटी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। लुटेरे सरेआम लूट की वारदात को अंजाम देकर फरार होने में सफल हो रहे हैं। ऐसी ही लूट का एक और मामला आज फिरोजपुर के जीरा विधानसभा क्षेत्र के मक्खू कस्बे में देखे को मिला है। दिन-दिहाड़े हथियारबंद लुटेरों ने एक घर में घुस कर महिला से गन प्वाइंट पर पांच लाख रुपए और 10 तोले सोने पर हाथ साफ किया है।
पत्नी कमलेश पर हमला कर दिया
पीड़ित अशोक कुमार ठुकराल निवासी मक्खू, फिरोजपुर ने बताया कि आज जब वह अपने बेटे को लेकर काम पर चला गया तो नकाबपोश लुटेरे उनके घर में घुसे और घर में उनकी पत्नी कमलेश रानी पर हमला कर दिया और गन प्वाइंट पर करीब 5 लाख रुपए की नकदी व 10 तोला सोना लूट कर फरार हो गए। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि लुटेरों ने उसकी पत्नी के साथ मारपीट भी की गई।
पुलिस ने घटना का जायजा लिया
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना का जायजा लिया। फिलहाल पुलिस सी.सी.टी.वी. फुटेज खंगाल रही है ताकि लुटेरों की पहचान की जा सके और उन पर शिकंजा कसा जा सके। वहीं इस मामले में डी.एस.पी. संदीप सिंह मंड ने कहा कि वह मामले की बारीकी से जांच कर रहे हैं। जल्द ही लुटेरों को काबू कर लिया जाएगा।