खबरिस्तान नेटवर्क। पंजाब में गैंगस्टरों के निशाने पर अब पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के करीबी लोग हैं। सिद्धू के पिता बलकार सिंह को पहली ही धमकी मिल चुकी है। नए घटनाक्रम में मूसेवाला के मुक्तसर में रहने वाले दोस्त की रेकी की सूचना मिली है।यह वही दोस्त हैं, जिसका जिक्र गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने वीडियो में किया था। गोल्डी ने दावा किया था कि यही दोस्त उसकी मूसेवाला के साथ सौदेबाजी करा रहे थे। मूसेवाला का 29 मई को कत्ल कर दिया गया था। जिसकी जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग के गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने ली थी।
मूसेवाला के करीबी रिश्तेदार मुक्तसर में रहते हैं। उन्होंने सीसीटीवी में देखा कि एक युवक उनके घर की रेकी कर रहा है। उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने उनके घर के बाहर बैरिकेडिंग कर दी। मूसेवाला के करीबी पहले गांव भंगचिड़ी में रहते थे। तब उनके घर फायरिंग होने के बाद उन्हें सिक्योरिटी दी गई है। पुलिस का कहना है कि रेकी की शिकायत की हर एंगल से जांच की जा रही है।
गोल्डी का दावा था- 2 करोड़ ऑफर किए
मूसेवाला मर्डर के मास्टरमाइंड गोल्डी बराड़ ने कुछ दिन पहले वीडियो जारी की थी। जिसमें उसने कहा था कि मूसेवाला ने जान बख्शने के लिए 2 करोड़ की ऑफर की थी। ये ऑफर भंगचिड़ी के कुछ युवकों के जरिए दी गई थी। जो हर वक्त मूसेवाला के साथ रहते हैं। हालांकि मूसेवाला के करीबियों ने इस बात को नकारा था कि जान बचाने के लिए ऐसा कोई ऑफर दिया गया था।
कहा था - अगला नंबर बापू दा
पिछले महीने मूसेवाला के पिता बलकार सिंह को पाकिस्तानी नंबरों से धमकी भरे फोन आए थे। सोशल मीडिया के जरिए भी उन्हें धमकी दी गई। जिसमें 'अगला नंबर बापू दा' लिखा हुआ था। हालांकि पंजाब पुलिस ने दावा किया कि मूसेवाला के पिता की सिक्योरिटी पूरी तरह से पुख्ता है। मूसेवाला की हत्या के बाद उनके पिता लगातार बुलेटप्रूफ गाड़ी में ही आते-जाते हैं।