खबरिस्तान नेटवर्क। पंजाब के लुधियाना जिले में किराएदारों की वेरिफिकेशन न करवाने पर 22 मकान मालिकों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। वहीं जालंधर में भी कुछ दिन पहले मकान मालिकों को वेरिफिकेशन करवाने के लिए कहा था, मगर जालंधऱ में अभी फिल्हाल मकान मालिकों और पुलिस की लापरवाही जारी है।
उधर लुधियाना में पुलिस कमिश्नर कौस्तुभ शर्मा ने कहा कि शहर निवासियों के लिए बेहद जरूरी है कि जिन लोगों को किराए पर कमरे दिए हैं, उनकी वेरिफिकेशन जरूर करवाएं। पुलिस ने मकान मालिकों के खिलाफ अलग-अलग थानों में IPC की धारा 188 के तहत मामला दर्ज किया है।
धारा 188 का मामला
डुगरी पुलिस ने न्यू शाम नगर के अर्जुन, डेहलों पुलिस ने गांव रानिया के दविंदर सिंह, गांव आलमगीर के मोहन सिंह के खिलाफ किराएदारों की वेरिफिकेशन न करवाने के चलते मामला दर्ज किया है। साहनेवाल पुलिस में धारा 188 के तहत 4 अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। बलवीर सिंह, गुरदीप सिंह, हरवीर सिंह और शेर सिंह खिलाफ केस दर्ज हुआ है।
थाना 6 की पुलिस ने भी ढोलेवाल के सुखदेव सिंह, हरदीप सिंह, मिल्लरगंज के हरविंदर सिंह और हरगोबिंद नगर के हृदय नारायण के खिलाफ मामला दर्ज किया है। ADCP IPS सुहैल कासिम मीर ने कई बार शहरवासियों से अपने किरायेदारों, घरेलू सहायिकाओं और कर्मचारियों की वेरिफिकेशन करवाने की अपील की, लेकिन लोगों ने आवेदन नहीं किया।
उन्होंने कहा कि आपराधिक तत्व दूसरे राज्यों में अपराध को अंजाम देने के बाद शहर में छिप जाते हैं। घरेलू सहायिका अपने मालिकों के घर डकैती को अंजाम देकर फरार हो जाती हैं। ऐसे में पुलिस को आरोपियों का पता लगाने में दिक्कत होती है। लोगों को पुलिस के काम में मदद करनी चाहिए और जो बाहरी लोग किराए पर आकर रहते हैं, उनकी वेरिफिकेशन करवानी चाहिए।