वेब खबरिस्तान, चंडीगढ़। संगरूर लोकसभा सीट पर आज उपचुनाव हो रहा है। सुबह 8 बजे से शुरू हुआ मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। इस सीट पर आम आदमी पार्टी (AAP), कांग्रेस, अकाली दल, भाजपा और शिअद (अमृतसर) के बीच मुकाबला है। दोपहर 3 बजे तक यहां 29.01% मतदान हो चुका है। पंजाब सरकार में वित्तमंत्री हरपाल चीमा, शिक्षा मंत्री मीत हेयर, विधायक अमन अरोड़ा, नरिंदर भराज मतदान कर चुके हैं।
वोटिंग का वक्त बढाने की मांग
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने चुनाव आयोग से मांग की कि वोटिंग का समय एक घंटा बढ़ाया जाए। मान ने कहा कि इस वक्त धान का सीजन चल रहा है। जिसकी वजह से लोग वहां काम कर रहे हैं। इसलिए वोटिंग का वक्त बढ़ाकर 7 बजे तक कर दिया जाए।
रिजल्ट 26 june को
मतगणना 26 जून को होगी। संगरूर सीट पर कुल 15 लाख 69 हजार 240 मतदाता हैं। जिनमें 8 लाख 30 हजार 56 पुरुष और 7 लाख 39 हजार 140 महिला मतदाता हैं। आम आदमी पार्टी के लिहाज से यह उपचुनाव काफी अहम है। पंजाब में सरकार बनने के करीब 100 दिन बाद AAP का यह पहला चुनाव है। अगर आप जीत जाती है तो इसे सरकार की कारगुजारी पर मुहर माना जाएगा। हारने पर सवाल उठेंगे।
भगवंत मान पर गढ़ बचाने की चुनौती
संगरूर लोकसभा सीट पंजाब के सीएम भगवंत मान की गढ़ रही है। मान ने यहां से 2014 और 2019 का लोकसभा चुनाव जीता। 2019 में जीतने वाले वह देश भर से AAP के अकेले सांसद थे। मान इस बार धूरी विस सीट से चुनाव जीतकर MLA बन गए। पार्टी को 117 में से 92 विस सीटें मिलने के बाद CM बनने के लिए उन्होंने सीट से इस्तीफा दे दिया।संगरूर के चुनाव प्रचार में पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड छाया रहा। मूसेवाला की मानसा में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उससे एक दिन पहले ही AAP सरकार ने उनकी सिक्योरिटी घटाई थी। कांग्रेस और शिअद अमृतसर इसी मुद्दे पर वोट मांग रहा है। वहीं अकाली दल ने इसे पंथक मुद्दा बनाया है। जिसमें बेअंत हत्याकांड के दोषी बलवंत राजोआणा की बहन कमलदीप कौर राजोआणा को टिकट दी गई है। वह बंदी सिखों की रिहाई का मुद्दा उठा रहे हैं।