ख़बरिस्तान नेटवर्क, लुधियाना : नवजोत सिंह सिद्धू की रिहाई की तैयारियां काफी जोरों पर चल रही है। सिद्धू की रिहाई को लेकर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने लुधियाना में बड़े-बड़े बोर्ड लगवाएं हैं। इन बोर्ड्स पर लिखा है कि पंजाब, पंजाबी और पंजाबियत का राखा नवजोत सिद्धू।
सिद्धू की रिहाई पर बना सस्पेंस
सिद्धू इस समय पटियाला की जेल में बंद हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक उनकी रिहाई में देरी हो सकती है। नियमों के मुताबिक भेजी गई सूची को मंत्रिमंडल द्वारा पास करके राज्यपाल को भेजा जाता है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मंत्रिमंडल की बैठक 1 फरवरी को बुलाई है। 26 जनवरी से पहले मंत्रिमंडल की बैठक नहीं होगी। इस कारण जेल विभाग द्वारा भेजी जाने वाली सूची अधर में लटक गई। इस सूची में सिद्धू का नाम होने की चर्चा है।
प्रियंका गांधी से मिली थी सिद्धू की पत्नी
गौर हो कि पिछले दिनों डॉ. नवजोत कौर सिद्धू दिल्ली गई थी। इस दौरान उन्होंने प्रियंका गांधी से मुलाकात की थी। इसके साथ ही वह कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के घर भी पहुंची थी। कयास लगाए जा रहे हैं सिद्धू की रिहाई के बाद उन्हें बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है। इतना ही नहीं राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में भी नवजोत कौर पहुंची थी।