वेब खबरिस्तान, फिरोजाबाद। यूपी के फिरोजाबाद में दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। एक गर्भवती महिला के ऊपर से ट्रक गुजर गया। हादसे में महिला का पेट फट गया। उसके गर्भ में पल रही बच्ची 5 फीट दूर जाकर सड़क पर जा गिरी। महिला के शरीर के टुकड़े हो गए। लोगों ने पास जाकर देखा तो बच्ची सही-सलामत थी।
आंखों के सामने ट्रक कामिनी के ऊपर से निकल गया
गर्भवती महिला पति के साथ अपने मायके जा रही थी। हादसे के बाद पति रामू ने कहा कि मेरे आंखों के सामने ट्रक कामिनी के ऊपर से निकल गया। पत्नी तड़प-तड़प कर मर गई। उसके शरीर में कुछ नहीं बचा था। वहीं, दूर जाकर गिरी मेरी बच्ची रो रही थी।
दूसरी ओर महिला की मौत की खबर पाकर उसके चाचा की सदमे से मौत हो गई। महिला और उसके चाचा का बुधवार शाम को अंतिम संस्कार कर दिया गया।
पति बोला- पत्नी की जिद पर उसे ससुराल लेकर जा रहा था
पति ने बताया, 'पत्नी 9 माह की प्रेग्नेंट थी। उसने मुझसे बुधवार सुबह बोला कि मायके घुमा लाइए। मायके वालों की याद आ रही है। बच्चा होने के बाद 4 महीने तक नहीं जा पाऊंगी। मैं उसको बाइक से लेकर घर से 9 बजे निकला। घर से ससुराल की दूरी 40 किलोमीटर होगी।' तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से कामिनी बाइक से गिर गई।"
रामू ने बताया, "हादसे के बाद मेरे होश उड़ गए। मैं अपनी पत्नी को देख रहा था। तब उधर से गुजर रहे लोगों ने मेरी बच्ची को उठाया। मैं उसे लेकर वहीं बैठा था। तब कुछ भले लोग उसे लेकर जिला अस्पताल गए। एंबुलेंस आने के बाद मैं पत्नी के शव के साथ अस्पताल पहुंचा। वहां मैंने अपने परिवार के लोगों को बताया, कामिनी अब नहीं रही। शादी को 3 साल हुए थे। यह हम लोगों को पहला बच्चा है।"