वेब खबरिस्तान, रोहतक । हरियाणा के रोहतक शहर की जनता कॉलोनी में आज सुबह एक युवक ने अपने माता-पिता की गोलियां मारकर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। वारदात होटल विवाद के कारण अंजाम दी गई। दंपति जब सो रहा था, तब शराब के नशे में धुत होकर आए बेटे ने उन्हें गोलियां मार दी। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की बहू ने वारदात की सूचना पुलिस को दी।
जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लिए और आरोपी बेटे के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। मृतकों की पहचान करीब 58 वर्षीय चंद्रभान और उसकी पत्नी करीब 55 वर्षीय निशा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मृतकों का बेटे के साथ उनके तारा नामक होटल को लेकर विवाद चल रहा था। बेटा अपने नाम होटल कराना चाहता था।
लाडला बीटा था तरुण, उसी ने ली जान
पड़ोसियों ने बताया कि चंद्रभान और निशा के दो बच्चे एक बेटा करीब 35 वर्षीय तरुण व एक बेटी है। दोनों की शादी हो चुकी है। बेटी अपनी ससुराल में है। वहीं बेटा अपनी पत्नी व बच्चों के साथ घर में ही रहता था। दंपति का इकलौता बेटा होने के कारण तरुण लाड़ला भी था, लेकिन उसी ने दोनों की जान लील ली।
जिस समय वारदात को अंजाम दिया गया, उस समय आरोपी की पत्नी अपने दो बच्चों के साथ छत पर बने कमरे में सो रही थी। जब गोलियों की आवाज सुनी तो वह नीचे आई और वारदात का पता लगा। अपने सास-ससुर के शवों को देखकर वह भी सहम गई। उसे देखकर आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसके बाद उसने फोन करके पुलिस को सूचना दी।
शिवाजी कॉलोनी थाना एसएचओ शमशेर सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच के अनुसार जनता कॉलोनी निवासी तरुण ने शराब के नशे में अपने पिता चंद्रभान व मां निशा की गोली मारकर हत्या कर दी। तरुण होटल अपने नाम करने की बात कहता था और जब होटल उसके नाम नहीं किया गया तो इस वारदात को अंजाम दे दिया। आरोपी फरार है और मामले की जांच जारी है।