अमेरिका के मैरीलैंड में एक कार्गो जहाज के टकराने से फ्रांसिस स्कॉट की ब्रिज ढह गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक घटना अमेरिकी समयानुसार रात करीब डेढ़ बजे हुई। पुल से टकराने के बाद जहाज में आग लग गई। सिंगापुर के झंडे वाला यह जहाज श्रीलंका की राजधानी कोलंबो जा रहा था।
22 अप्रैल को पहुंचना था श्रीलंका
इसे रवाना हुए कुछ ही समय हुआ था। यह 22 अप्रैल को श्रीलंका पहुंचने वाला था। जहाज का नाम दाली बताया जा रहा है। पुल ढहने की वजह से इस पर मौजूद कई गाड़ियां और लोग पानी में गिरे। फायर डिपार्टमेंट के मुताबिक अब तक 7 लोग लापता हैं, 2 लोगों को पानी निकाला गया।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
इनमें एक की हालत गंभीर है। जबकि जहाज का क्रू सुरक्षित है। पानी में गिरे लोगों की जान बचाने लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। मैरीलैंड के ट्रांसपोर्ट सेक्रेटरी ने बताया है कि हादसे के वक्त कई कर्मचारी भी ब्रिज पर मौजूद थे। वो रिपेयरिंग से जुड़ा कुछ काम कर रहे थे।
दाली जहाज 948 फीट लंबा
अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि पुल पर कितने लोग मौजूद थे और वे अब किस स्थिति में हैं। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, मैरीलैंड ट्रांसपोर्टेशन अथॉरिटी ने बताया कि ब्रिज पर हादसे के बाद सभी लेन बंद कर दी गई हैं और ट्रैफिक रोक दिया गया है।